अभिनेत्री कंगना रनौत ने हाल फिलहाल एक नया वीडियो जारी किया है। वीडियो में कंगना एक बार फिर ठाकरे सरकार पर निशाना साधते हुए नजर आ रही हैं। कंगना ने उद्धव ठाकरे के बयान पर उन्हें जवाब दिया है। कंगना ने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने उन्हें अपने भाषण में गाली दी है वह काफी निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को महिलाओं को सम्मान देना नहीं आता। उन्हें नहीं पता कि महिलाओं के बारे में कैसे बात की जाती है। कंगना ने कहा कि वो मुख्यमंत्री के बेटे यानी आदित्य ठाकरे की उम्र की हैं। ऐसे में उनके लिए हरामखोर जैसे शब्द का इस्तेमाल करना जायज़ नहीं है।
कंगना ने निशाना साधते हुए कहा कि उद्धव सरकार ने मनमानी कर लोगों को परेशान कर रखा है। इसी के चलते महाराष्ट्र के काफी लोग परेशानी का भी सामना कर रहे हैं। कंगना ने कहा कि ठाकरे सरकार ने महाराष्ट्र को कश्मीर बना दिया है। जहां कोई भी खुलकर बात नहीं कर सकता और तनाशाही की पताका फहराई जा रही है।
अभिव्यक्ति की आज़ादी का खंडन किया जा रहा है और इसीसलिए महाराष्ट्र की आवाम अपनी आवाज़ बुलंद करने से डर रही है। कंगना ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि ठाकरे सरकार से बड़ा पलटू कोई और नहीं जो कांग्रेस के तलवे चाटने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि ठाकरे सरकार भ्रष्ट है जो देश द्रोह के लिए किसी से भी पैसा खा सकती है।

साथ ही साथ रनौत ने सोनिया गाँधी पर भी निशाना साधा और उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से गलत के साथ खड़ी हुई नज़र आई है। आपको बता दें कि कंगना और ठाकरे सरकार के बीच चल रहा विवाद काफी लम्बे समय से चल रहा है।

कंगना पहले भी ठाकरे सरकार पर निशाना साधते हुए नजर आ चुकी है। शिव सेना नेता संजय राउत के साथ भी कंगना का विवाद काफी लम्बा खिंचा है। कंगना और महाराष्ट्र सरकार के बीच यह द्वन्द सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद शुरू हुआ और अब इस पूरे मामले में विराम नहीं लग पा रहा है।