शहर के जो लोग इन दिनों कूड़े कचरे के ढेरों से परेशान है ये ख़बर उनके लिए बड़ी ही राहत भरी है, क्योंकि उनको जल्द ही इन कूड़े के ढेरों से छुटकारा मिल सकता है। दरअसल नगर निगम जल्द ही कूड़ा उठाने वाली इकोग्रीन कंपनी का अनुबंध रद करने वाला है, जिसके बाद वह एक नई कंपनी को 7 साल के लिए कूड़ा उठाने का ठेका देगी। इसके लिए निगम ने टेंडर प्रक्रिया की तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि इस काम में अभी 2 महीने का समय लग सकता है, इसी वजह से निगम के लिए कूड़े का निस्तारण फ़िलहाल दिक्कत बना हुआ है। जिस वजह से शहर में जगह जगह कूड़े के ढेर भी लगे पड़े है। वैसे अभी कूड़ा उठाने का काम पुरानी कंपनी के वेंडर ही कर रहे है।
इस बारे में और जानकारी देते हुए नगर निगम के कार्यकारी अभियंता पद्म भूषण ने बताया है कि,”कूड़ा उठाने के लिए नया टेंडर किया जाएगा, मुख्यालय से आदेश आ गया है। विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है, अब जैसे ही उच्चाधिकारी आदेश करेंगे तो टेंडर लगा दिया जाएगा। इकोग्रीन से 22 साल का टेंडर था। लेकिन इस बार नई कंपनी से सात साल के लिए टेंडर किया जाएगा।”