शहर और ग्रामीण इलाकों में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम ने करोड़ों रुपये की लागत से चार बड़े विकास कार्यों की योजना बनाई है। इन परियोजनाओं के लिए प्राथमिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और इनमें चार नागरिक सुविधा केंद्रों के साथ-साथ दो सामुदायिक चौपाल का निर्माण भी शामिल है।

इन कार्यों का उद्देश्य शहरी जीवन को सुगम बनाना और ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक संरचना को मजबूत करना है। इसके माध्यम से हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और लोग रोजमर्रा की आवश्यक सेवाओं को आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
निगम अधिकारियों ने बताया कि वार्ड नंबर 16 के अंतर्गत स्थित गांव भांकरी में एक गुर्जर चौपाल और शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जाएगा। यह चौपाल गांव वासियों के लिए सामूहिक गतिविधियों केंद्र बनेगी तथा यहां लोग विवाह समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सामाजिक आयोजनों का आयोजन कर सकेंगे।

इसके अलावा शौचालय ब्लॉक की स्थापना से गांव वासियों को स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। नगर निगम चार नागरिक सुविधा केंद्रों का निर्माण करेगा जिनमें से दो केंद्र सेक्टर-14 और 15A के जल कार्य परिसर में और बाकी दो केंद्र ओल्ड फरीदाबाद के वार्ड नंबर 34 के सेक्टर-8 सामुदायिक केंद्र और सेक्टर-7 वार्ड कार्यालय में स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को जन्म प्रमाणपत्र, संपत्ति कर भुगतान और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए कार्यालयों में जाने की जरूरत नहीं होगी।

बता दें वार्ड नंबर-17 के गांव फतेहपुर चंदेला में स्थित जर्जर चौपाल को भी नए रूप में विकसित किया जाएगा। यह चौपाल गांव के लोगों के लिए एक अहम सामाजिक स्थल है, जहां सामूहिक बैठकों और निर्णयों की प्रक्रिया होती है। लेकिन अब नई चौपाल के निर्माण से ग्रामीणों को एक सुरक्षित और आधुनिक स्थल मिलेगा।



