फरीदाबाद के एनआईटी-3 स्थित esic मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार सुबह मरीजों को ओपीडी पंजीकरण में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल अस्पताल के दो ओपीडी कार्ड काउंटर एक घंटे तक बंद कर दिए गए थे । सुबह इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को रजिस्ट्रेशन कराने में देरी हुई, जिससे अस्पताल परिसर में अव्यवस्था का माहौल बन गया।

मामले की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. कालिदास दत्तात्रेय चव्हाण खुद सुबह करीब साढ़े 9 बजे ओपीडी काउंटर पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों से दोनों काउंटर बंद होने का कारण पूछा, तो जवाब मिला कि दो कर्मचारी अवकाश पर हैं, इसलिए काउंटर नहीं खोले गए।

अस्पताल में रोजाना लगभग तीन हजार से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। डॉक्टर से परामर्श लेने से पहले मरीजों को ओपीडी कार्ड बनवाना जरूरी होता है। पहले कार्ड बनाने का समय सुबह 9 बजे तय था लेकिन नौकरीपेशा मरीजों को समय की दिक्कत होती थी। जिसके चलते ओपीडी कार्ड बनाने का समय बढ़ाकर सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया।

अस्पताल प्रशासन ने कहा कि अस्पताल की सेवाएं मरीजों के लिए हैं, और किसी भी परिस्थिति में उन्हें परेशान नहीं होना चाहिए। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट कर दिया कि अगर कोई कर्मचारी छुट्टी पर होता है, तो उसकी जगह पर रात के समय ही किसी अन्य कर्मचारी की ड्यूटी तय कर दी जाए। कहा गया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न हो।



