फरीदाबाद में अब नगर निगम शहर के विकास कार्यों में नागरिकों की भागीदारी को प्राथमिकता दे रहा है। निगम प्रशासन दो बड़ी परियोजनाओं पर जनता से सुझाव लेकर उनका रोडमैप तैयार कर रहा है। इनमें सभी जोन में 35 आधुनिक शौचालयों का निर्माण और डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने से जुड़ी योजनाएँ शामिल हैं। दोनों प्रोजेक्ट्स की अनुमानित लागत 350 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि शहर के हर जोन में 5 से 6 सीटर अत्याधुनिक सार्वजनिक शौचालय बनाए जाएंगे। इन्हें इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि ये स्वच्छ, सुरक्षित और उपयोग में आसान हों। दिव्यांगजन, महिलाएँ और आम नागरिक सभी इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा महिलाओं के लिए विशेष “पिंक टॉयलेट” और अतिरिक्त सुविधाएँ भी जोड़ी जाएँगी।

निगम के अधिकारियों के अनुसार, परियोजनाओं को अंतिम रूप देने से पहले लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं। अब तक कई नागरिक अपनी राय दे चुके हैं, जिन पर विचार कर योजनाओं का खाका तैयार किया जा रहा है। प्रशासन का मानना है कि इस प्रक्रिया से परियोजनाएँ ज़मीनी जरूरतों के और करीब होंगी।

निगम के इस नए प्रयास को लेकर नागरिकों में उत्साह है। बड़ी परियोजनाओं में लोगों को शामिल करने का निगम का तरीका अब शहरवासियों को भी पसंद आने लगा है, और उम्मीद है कि आने वाले महीनों में शहर की सुविधाओं में जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।



