फरीदाबाद वार्ड नंबर 7, एनआईटी स्थित नगला एन्क्लेव पार्ट-2 में रविवार को लगभग 13 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीवर लाइन, पेयजल पाइपलाइन, नाला और आरएमसी सड़क परियोजनाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही करीब 1.17 करोड़ रुपये की अन्य विकास योजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विधायक सतीश फोगाट भी इस अवसर पर मौजूद थे। शुभारंभ समारोह की शुरुआत क्षेत्र के बुजुर्गों द्वारा नारियल फोड़कर पारंपरिक तरीके से की गई।

मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि नगला एन्क्लेव में शुरू की गई यह परियोजनाएं सरकार की इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली एयरपोर्ट को गुरुग्राम, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाली नई रेपिड मेट्रो परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। इस महत्वाकांक्षी योजना का कार्य वर्ष 2026 से शुरू होने की संभावना है।

गुर्जर ने बताया कि प्रस्तावित मेट्रो लाइन फरीदाबाद से होकर नोएडा और आगे जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी, जबकि दूसरी दिशा में यह गुरुग्राम के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट को जोड़ेगी। उनके अनुसार, यह कनेक्टिविटी न केवल दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए राहतभरी साबित होगी, बल्कि फरीदाबाद को राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क का प्रमुख केंद्र भी बनाएगी।आ



