ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे परियोजना में एक अहम तकनीकी बदलाव किया गया है। एक्सप्रेसवे के उस हिस्से पर जहां सड़क को सिंचाई विभाग की नहर के ऊपर से गुजरना था, अब पहले प्रस्तावित बहु-पिलर संरचना की जगह 140 मीटर लंबा सिंगल आर्च ब्रिज बनाया जाएगा।

सिंचाई विभाग ने नहर की संवेदनशीलता और जलधारा पर संभावित प्रभाव को देखते हुए पिलर निर्माण की अनुमति देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद एनएचएआई ने नया डिजाइन तैयार किया है।

अधिकारियों के अनुसार, सिंगल आर्च ब्रिज का विकल्प संरचनात्मक रूप से अधिक सुरक्षित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप माना जा रहा है। यह पुल पूरी तरह पिलर-फ्री होगा, जिससे नहर का प्रवाह बिल्कुल प्रभावित नहीं होगा। तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि विकल्पों की समीक्षा के बाद यही मॉडल सभी मानकों पर सबसे उपयुक्त पाया गया है।

डिजाइन में इस बड़े बदलाव के चलते परियोजना की अवधि में करीब छह महीने का अतिरिक्त समय जुड़ सकता है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे फरीदाबाद को सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए निर्माण एजेंसियां सुनिश्चित कर रही हैं कि नई संरचना लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित रहे।



