मोहना में एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के कारण मुख्य मोहन रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सड़कों के बंद होने का असर अब स्थानीय परिवहन व्यवस्था पर भी देखने को मिल रहा है। इस कारण बल्लभगढ़ बस डिपो से मोहना और छांयसा के लिए चलने वाली रोडवेज बसों का मार्ग बदल दिया गया है। अब बसें तिगांव रोड से होते हुए चंदावली के रास्ते मोहना पहुंच रही हैं।

रूट बदलने के बाद बसों की दूरी में लगभग 5 से 6 किलोमीटर की बढ़ोतरी हो गई है, जिसके चलते यात्रा समय भी बढ़ गया है। यात्रियों को इससे काफी असुविधा हो रही है। खासकर वे लोग जो मोहना रोड की कॉलोनियों तक बस से पहुंचते थे, अब उन्हें आगे की यात्रा के लिए ऑटो रिक्शा का सहारा लेना पड़ रहा है।

उधर, बस सेवा बंद होने का फायदा अब ऑटो चालकों को मिल रहा है। पहले जहां किराया 10 रुपये था, अब वही दूरी 20 रुपये में तय कराई जा रही है। ऑटो चालकों का कहना है कि सड़क बंद होने के कारण उन्हें गलियों से घूमकर जाना पड़ता है, जिस वजह से किराया बढ़ाया गया है।



