फरीदाबाद के सेक्टर 77 स्थित पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी के निवासियों को इन दिनों लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। दिन में कई बार होने वाले लंबे पावर कट ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में बड़ी संख्या में लोग आईटी सेक्टर से जुड़े हैं और घर से ही वर्क फ्रॉम होम कर रहे हैं। बिजली जाते ही वाई-फाई बंद हो जाता है और इन्वर्टर भी सीमित समय तक ही चल पाता है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।

महिलाओं का कहना है कि बिजली कटौती के कारण घरेलू काम भी अटक जाते हैं। शिकायतें दर्ज करवाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

लोगों के अनुसार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से जानकारी दी गई थी कि पास में नई बिजली लाइन डाली जा रही है, इसलिए सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ही शटडाउन रहेगा। लेकिन वास्तविकता यह है कि सोसाइटी में पूरे दिन बिजली कटौती होती रहती है। अधिकारियों से संवाद के बाद भी अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं मिल पाया है।




