ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए नगर निगम ने शहर में आने-जाने वाले लोगों के लिए राहत व्यवस्था शुरू कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बल्लभगढ़ फ्लाईओवर के नीचे यात्रियों और जरूरतमंदों के लिए अस्थायी रैन बसेरा तैयार कर दिया गया है। कंटेनर की मदद से बनाए गए इस आश्रय स्थल में रात के समय 15 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।

रैन बसेरे में निगम की ओर से गर्म कंबल और बिस्तर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके बाहर लगाए गए बैनर पर उन अधिकारियों के नाम और फोन नंबर भी अंकित हैं, जिनसे किसी भी परेशानी की स्थिति में सीधे संपर्क किया जा सकता है। यह सुविधा खासतौर पर बस डिपो और मेट्रो स्टेशन के आसपास आवाजाही करने वाले लोगों को ध्यान में रखकर विकसित की गई है।

नगर निगम के कार्यकारी अभियंता जतिन यादव के अनुसार नए कंबलों और बिस्तरों की मांग करते हुए रेड क्रॉस सोसायटी को पत्र भेज दिया गया है। जल्द ही और सामान पहुंच जाएगा। रैन बसेरे में साफ-सफाई कराई जा चुकी है और पीने के पानी के लिए एक अतिरिक्त कैंपर भी मंगवाया जा रहा है।

सबसे खास बात यह है कि यह रैन बसेरा 24 घंटे खुला रहता है। तीन शिफ्टों में नगर निगम के कर्मचारी लगातार ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उनके नाम और संपर्क नंबर भी बैनर पर लगाए गए हैं ताकि जरूरतमंद किसी समय भी सहायता पा सकें।




