ग्रेटर फरीदाबाद को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सरकार ने यहां बनने वाले पहले जिमखाना क्लब के संशोधित बजट को स्वीकृति दे दी है। 23.20 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को मंजूरी मिलते ही हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने टेंडर प्रक्रिया की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

सेक्टर-78 में प्रस्तावित यह क्लब अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर और निर्माणाधीन इंटरनेशनल साइंस बिल्डिंग के पास विकसित होगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का अनुमान है कि निर्माण कार्य अगले वर्ष के शुरुआती महीनों में शुरू कर दिया जाएगा।
ग्रेटर फरीदाबाद में अलग जिमखाना क्लब बनाने की घोषणा करीब एक दशक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा की गई थी। हालांकि 2022 में एचएसवीपी ने लगभग 16 करोड़ के प्रस्ताव को भेजने के बावजूद, उस समय आबादी कम होने के कारण योजना को रोक दिया गया था।

अब क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, तैयार होती मार्केटें और तेजी से उभरती कारोबारी गतिविधियों को देखते हुए यह परियोजना दोबारा प्राथमिकता में आ गई है। डिजाइन में कई बदलाव किए गए हैं और नई सुविधाओं को जोड़ते हुए अनुमानित लागत 23.20 करोड़ तक पहुंच गई, जिसे राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है।

अधिकारियों के मुताबिक तैयार होने के बाद यह जिमखाना क्लब ग्रेटर फरीदाबाद का प्रमुख सामाजिक व मनोरंजन केंद्र बनेगा। इसमें आधुनिक रेस्त्रां, बार, उच्च श्रेणी की जिम सुविधा, स्विमिंग पूल, इंडोर व आउटडोर गेम्स और मल्टीपरपज हॉल जैसी कई सुविधाएं शामिल रहेंगी।
इसका लक्ष्य है कि क्षेत्र के निवासियों को उच्च स्तर की फिटनेस और मनोरंजन सुविधाएं अब शहर से बाहर जाए बिना स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें।



