फरीदाबाद के बल्लभगढ़ बस डिपो परिसर में करीब आठ वर्ष पहले तैयार किया गया चालक प्रशिक्षण कार्यालय अब जर्जर अवस्था में बदल चुका है। कार्यालय की छत से लगातार प्लास्टर गिर रहा है और भवन के आसपास व कमरों के अंदर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं।

कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद वरिष्ठ अधिकारियों की नजर इस ओर नहीं जा रही। शाम होते ही असामाजिक तत्व यहां जमा होकर नशा करते हैं, जिससे वातावरण और बदतर हो जाता है।

यह भवन साल 2017 में लाखों रुपये खर्च कर बनाया गया था। इसकी पहली मंजिल पर बुकिंग ब्रांच स्थित है, जहां परिचालक अपनी ड्यूटी लगवाते हैं और ई-टिकट मशीन लेते हैं। यहीं चालक व परिचालकों के लिए मासिक प्रशिक्षण कक्ष भी संचालित होता है, जो महीने में लगभग चार से पांच दिन चलता है।

भवन के ग्राउंड फ्लोर पर कई कमरे बने हुए हैं, लेकिन उनकी हालत अत्यंत खराब है। अधिकतर कमरों में सिर्फ कूड़ा और धूल ही नजर आती है। कर्मचारियों का कहना है कि पूरे भवन में एक भी शौचालय नहीं है, जिसके चलते उन्हें यार्ड गेट के पास बने शौचालय तक जाना पड़ता है, जो बुकिंग ब्रांच से काफी दूर है। इस समस्या को लेकर कई बार पत्र भी भेजे जा चुके हैं।

हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ की प्रधान सोनू नागर का कहना है कि यूनियन ने भवन इंचार्ज को बार-बार मरम्मत कार्य शुरू करने और शौचालय निर्माण के लिए कहा है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई शुरू नहीं की गई।



