हरियाणा के गुरुग्राम में एक विशेष कार्यवाही के तहत 2 हजार किलो नकली पनीर बरामद की गई। मिलावटखोरों के खिलाफ चल रहे इस अभियान के तहत 2,000 किलोग्राम से अधिक नकली पनीर और खोया जब्त किया गया है। कार्रवाई गुरुग्राम के 12 से अधिक स्थानों पर की गई।

जानकारी के लिए बता दें कि जैसे ही बाजार में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी की खबर फैली, कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मौके से फरार हो गए। टीम ने झज्जर रोड स्थित यादव डेयरी पर छापा मारते हुए 700 किलो पनीर बरामद किया। उस समय डेयरी मालिक सोनू सिंह मौके पर मौजूद थे।

अधिकारियों ने बताया कि सबसे बड़ी कार्रवाई फर्रुखनगर क्षेत्र में हुई, जहां झज्जर रोड बस अड्डे के पास एक पिकअप वाहन से लगभग 1,000 किलो नकली पनीर बरामद किया गया। वाहन चालक की पहचान जुनैद के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में बताया कि यह माल पलवल जिले के हथीन क्षेत्र से लाया गया था। फिलहाल पनीर के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं और रिपोर्ट का इंतजार है।

वहीं बस अड्डा रोड की परवीन डेयरी से भी 100 किलो पनीर और 60 किलो खोया जब्त किया गया। इस दौरान दुकान मालिक धर्मपाल भी उपस्थित थे। इन सभी उत्पादों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार चौहान ने बताया कि सभी सैंपल खाद्य प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि त्योहारी मौसम में मिलावटखोर अधिक सक्रिय हो जाते हैं और आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करते हैं।



