दिवाली के मौके पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज डिपो प्रबंधन ने कमर कस ली है। 18 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक विशेष पर्व सेवा के तहत अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा, जिससे त्योहार के दौरान सफर आसान और किफायती हो सके।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस बार सबसे अधिक भीड़ अलीगढ़ और आगरा मार्ग पर रहने की उम्मीद है। इसे देखते हुए इन रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। साथ ही अयोध्या के लिए भी सीधी बस सेवा शुरू की जा रही है, जिससे श्रद्धालु दीपावली पर रामलला के दर्शन के लिए आसानी से पहुंच सकें।

डिपो के ड्यूटी इंचार्ज नरेंद्र राणा ने जानकारी दी कि तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। वर्तमान में डिपो से रोजाना करीब 10 से 12 बसें अलीगढ़ और आगरा की ओर भेजी जाती हैं, लेकिन त्योहारों के दौरान इनकी संख्या में इजाफा किया जाएगा। अयोध्या के लिए शुरू की जा रही सेवा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

नरेंद्र राणा ने यह भी बताया कि आम दिनों में डिपो से प्रतिदिन लगभग 12 से 15 हजार यात्री सफर करते हैं, लेकिन दीपावली के आस-पास यह संख्या 25 हजार तक पहुंच सकती है। इसी संभावना को देखते हुए यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिहाज से सभी व्यवस्थाएं पहले से ही सुनिश्चित कर ली गई हैं।




