फरीदाबाद के लोगों के लिए अब संपत्ति की रजिस्ट्री कराना और आसान हो जाएगा। जिला प्रशासन एक नवंबर से रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूरी तरह पेपरलेस और ऑनलाइन करने जा रहा है। नई प्रणाली लागू होने के बाद नागरिक बिना किसी दफ्तर के चक्कर लगाए, घर बैठे ही पोर्टल के माध्यम से अपनी संपत्ति की रजिस्ट्री पूरी कर सकेंगे।

इस डिजिटल व्यवस्था से न केवल समय की बचत होगी बल्कि पारदर्शिता बढ़ेगी और दलालों के हस्तक्षेप पर भी रोक लगेगी। अधिकारियों के अनुसार, अब संपत्ति से जुड़े सभी लेन-देन पूरी तरह ऑनलाइन और सुरक्षित माध्यम से होंगे।

जिले में वर्तमान में तीन तहसीलें फरीदाबाद, बल्लभगढ़ और बड़खल सक्रिय हैं, जबकि तिगांव एक उप-तहसील के रूप में कार्यरत है। इनमें बल्लभगढ़ में रजिस्ट्रियों की संख्या सबसे अधिक रहती है। फिलहाल जिले में प्रतिदिन औसतन 100 से अधिक संपत्ति रजिस्ट्री होती हैं, जो अब डिजिटल प्रणाली से निपटाई जाएंगी।




